नई दिल्ली, 1 सितंबर (Udaipur Kiran) ।
एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) ने रविवार को टोक्यो में अगले महीने शुरू होने वाली विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए भारत की अंतिम 19 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी। इस टीम में 14 पुरुष और 5 महिला एथलीट शामिल हैं, जो 15 अलग-अलग स्पर्धाओं में चुनौती पेश करेंगे।
भारत की सबसे बड़ी पदक उम्मीद एक बार फिर भाला फेंक विश्व चैंपियन नीरज चोपड़ा होंगे, जो डिफेंडिंग चैंपियन होने के नाते वाइल्ड कार्ड एंट्री से सीधे क्वालीफाई हुए हैं। उनके अलावा तीन और भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी—सचिन यादव, यश वीर सिंह और रोहित यादव—भी मैदान में उतरेंगे।
तीन एथलीट्स ने सीधे एंट्री स्टैंडर्ड पार कर क्वालीफाई किया है—गुलवीर सिंह (5000 मीटर), प्रवीण चित्रावल (ट्रिपल जंप) और पारुल चौधरी (3000 मीटर स्टीपलचेज)। गुलवीर 10,000 मीटर दौड़ में भी हिस्सा लेंगे, वहीं मिडिल डिस्टेंस धाविका पूजा 800 मीटर और 1500 मीटर दोनों स्पर्धाओं में चुनौती पेश करेंगी।
हालांकि, अविनाश साबले, नंदिनी आगरसरा और अक्षदीप सिंह ने क्वालीफाई किया था लेकिन मेडिकल कारणों से उन्हें टीम में जगह नहीं मिली।
एएफआई के मुख्य कोच राधाकृष्णन नायर ने बताया कि 4 से 9 सितंबर तक टोक्यो में प्री-कम्पटीशन ट्रेनिंग कैंप होगा। 10 सितंबर को सभी खिलाड़ी आधिकारिक होटल में शिफ्ट होंगे। नीरज चोपड़ा 5 सितंबर को सीधे चेक गणराज्य से टीम से जुड़ेंगे।
विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 13 से 21 सितंबर तक टोक्यो में खेली जाएगी।
भारतीय टीम (विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025)
पुरुष:
1. नीरज चोपड़ा – भाला फेंक (वाइल्ड कार्ड)
2. गुलवीर सिंह – 5000 मीटर (एंट्री स्टैंडर्ड)
3. प्रवीण चित्रावल – ट्रिपल जंप (एंट्री स्टैंडर्ड)
4. अब्दुल्ला अबूबकर – ट्रिपल जंप (रैंकिंग 31/36)
5. सर्वेश कुशारे – हाई जंप (रैंकिंग 34/36)
6. अनीमेश कुजूर – 200 मीटर (रैंकिंग 42/48)
7. सचिन यादव – भाला फेंक (रैंकिंग 20/36)
8. यश वीर सिंह – भाला फेंक (रैंकिंग 30/36)
9. मुरली श्रीशंकर – लॉन्ग जंप (रैंकिंग 36/36)
10. सर्विन सेबेस्टियन – 20 किमी रेस वॉक (रैंकिंग 34/50)
11. राम बाबू – 35 किमी रेस वॉक (रैंकिंग 50/50)
12. गुलवीर सिंह – 10,000 मीटर (इन्विटेशन)
13. संदीप – 35 किमी रेस वॉक (इन्विटेशन)
14. रोहित यादव – भाला फेंक (इन्विटेशन)
15. तेजस शिर्से – 110 मीटर बाधा दौड़ (इन्विटेशन)
महिला:
1. पारुल चौधरी – 3000 मीटर स्टीपलचेज (एंट्री स्टैंडर्ड)
2. अन्नू रानी – भाला फेंक (रैंकिंग 22/36)
3. प्रियांका गोस्वामी – 35 किमी रेस वॉक (रैंकिंग 33/50)
4. अंकिता – 3000 मीटर स्टीपलचेज (रैंकिंग 35/36)
5. पूजा – 1500 मीटर (रैंकिंग 49/56)
6. पूजा – 800 मीटर (इन्विटेशन)
—————
(Udaipur Kiran) दुबे
You may also like
सागरः जनजातीय बाहुल्य ग्राम बनाएंगे अपने विकास का एक्शन प्लान
सबके साथ, सबके विकास के लिए सबके प्रयासों एवं सबको विश्वास में लेकर बढ़ रहे हैं आगे: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
रीवाः नायब तहसीलदार का रीडर दो हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथो गिरफ्तार
विदिशाः सहकारी समितियों में उर्वरकों का तीव्र गति से भंडारण शुरू
धारः युवा संगम प्लेसमेंट मेले में 31 युवाओं का चयन