लंदन। परम पूज्य प्रमुख स्वामी महाराज द्वारा निर्मित, ‘नीसडन मंदिर’ के रूप में लोकप्रिय और विश्वविख्यात लंदन बीएपीएस स्वामिनारायण मंदिर के दर्शन के लिए 1995 से लेकर आज तक पिछले 30 वर्षों में देश-विदेश के करोड़ों लोग पधार चुके हैं। इनमें सामान्य नागरिकों से लेकर अनेक प्रतिष्ठित महानुभाव भी शामिल रहे हैं। इस मंदिर की दिव्य आभा प्रत्येक दर्शनार्थी के हृदय पर एक अमिट छाप छोड़ती है। आज ब्रिटेन के महाराजा चार्ल्स तृतीय और उनकी पत्नी महारानी कैमिला नीसडन मंदिर में दर्शनार्थ पधारे। दिवाली और हिंदू नव वर्ष के उत्सवमय वातावरण के बीच, और मंदिर के तीन दशक (30 वर्ष) पूर्ण होने के उपलक्ष्य में, शाही दंपति ने मंदिर का दौरा किया।
इस अवसर पर, लंदन बीएपीएस स्वामिनारायण मंदिर के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज के अध्यक्ष श्री जीतूभाई पटेल ने शाही परिवार का स्वागत किया। प्रिंस ऑफ वेल्स और डचेस ऑफ कॉर्नवॉल के रूप में पूर्व यात्राओं के बाद, राजा और रानी के तौर पर यह उनका मंदिर का पहला दौरा था। शाही परिवार की मंदिर के साथ ऐसी कई पूर्व यात्राएं बीएपीएस हिंदू समुदाय के साथ उनके दीर्घकालिक और स्नेहपूर्ण संबंधों को उजागर करती हैं।

1995 में अपने उद्घाटन के बाद से, नीसडन मंदिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विख्यात एक आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्र बन गया है। श्रद्धा, सेवा और भारतीय संस्कृति के अद्वितीय प्रतीक इस मंदिर ने बाल और युवा विकास, वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल, स्वास्थ्य और मानवीय सहायता जैसे अनेक सेवा कार्यों के माध्यम से ब्रिटिश समाज में निरंतर महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
अपनी यात्रा के दौरान, शाही दंपति ने मंदिर के स्वयंसेवकों और भक्त समुदाय से मिलकर मंदिर के सेवा कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसमें द फेलिक्स प्रोजेक्ट के साथ मंदिर की दीर्घकालिक साझेदारी भी शामिल है – यह लंदन स्थित एक चैरिटी संस्था है जो कमजोर वर्ग के लोगों की भूख मिटाने के लिए अतिरिक्त भोजन का पुनर्वितरण करती है, और यह सेवा कार्य किंग चार्ल्स के कोरोनेशन फूड प्रोजेक्ट का भी एक अभिन्न अंग है। नीसडन मंदिर की इस यात्रा के दौरान शाही दंपति ने मंदिर के स्वयंसेवकों और भक्तों को उनके निस्वार्थ, समर्पित सेवा कार्यों के लिए बधाई दी। जो तीन दशकों से व्यापक समाज को स्पर्श कर रहे हैं।

मुलाकात के दौरान, शाही दंपति को पेरिस में आगामी सितंबर 2026 में उद्घाटित होने जा रहे बीएपीएस स्वामिनारायण हिंदू मंदिर के बारे में भी जानकारी दी गई। यह फ्रांस का पहला पारंपरिक हिंदू मंदिर होगा। उन्होंने मंदिर निर्माण परियोजना टीम के मुख्य सदस्यों से भी मुलाकात की। लंदन मंदिर के मुख्य कार्यवाहक संत योगविवेकदास स्वामी ने टिप्पणी की, “इस ऐतिहासिक अवसर पर भक्त समुदाय शाही दंपति का नीसडन मंदिर में स्वागत करते हुए आनंद महसूस कर रहा है। उनकी मित्रता और मंदिर के सामाजिक सेवा कार्यों में उनकी निरंतर रुचि के लिए हम उनका बहुत आभार व्यक्त करते हैं।”

विश्वव्यापी बीएपीएस स्वामिनारायण संस्था के आध्यात्मिक प्रमुख, परम पूज्य महंत स्वामी महाराज ने भारत से एक वीडियो संदेश के माध्यम से शाही परिवार के लिए अपनी प्रार्थना और आशीर्वाद व्यक्त करते हुए कहा: “आपकी सार्वजनिक सेवा के दशकों के दौरान, आपने आस्था को महत्व दिया है और धर्मों के बीच सद्भाव को बढ़ावा दिया है; आज आपकी यहां उपस्थिति इसका प्रमाण है।” इसके अतिरिक्त, परम पूज्य महंत स्वामी महाराज ने किंग चार्ल्स को एक व्यक्तिगत पत्र में संपूर्ण यूके देश की प्रगति और समृद्धि के लिए भी आशीर्वाद दिया। मंदिर की सामाजिक और आध्यात्मिक सेवा प्रवृत्तियों में निरंतर अपना अमूल्य योगदान दे रहे स्वयंसेवकों की भक्ति और सेवा को सराहते हुए शाही दंपति ने विदा ली।

ब्रिटिश राजपरिवार और बीएसपीएस संस्था के संबंध
शाही परिवार और बीएपीएस स्वामीनारायण संस्था के सेवा कार्यों के साथ किंग चार्ल्स तृतीय (तत्कालीन प्रिंस ऑफ वेल्स) और क्वीन कैमिला (तत्कालीन डचेस ऑफ कॉर्नवॉल) के संबंध काफी समय से हैं। जिसके बारे में नीचे जानकारी दी गई है:-
- 1996: मंदिर के उद्घाटन के तुरंत बाद, किंग चार्ल्स (प्रिंस ऑफ वेल्स के रूप में) ने नीसडन मंदिर का पहला दौरा किया।
- 1997: किंग चार्ल्स ने सेंट जेम्स पैलेस में मंदिर के प्रेरक और निर्माता परम पूज्य प्रमुख स्वामी महाराज का स्वागत किया।
- 2001: गुजरात भूकंप के बाद, प्रभावितों की सहायता के लिए किए गए राहत प्रयासों को पहचानने और समर्थन देने के लिए किंग चार्ल्स ने मंदिर का दौरा किया।
- 2005: लंदन के साइंस म्यूजियम में ‘मिस्टिक इंडिया’ के रॉयल वर्ल्ड चैरिटी प्रीमियर में किंग चार्ल्स और क्वीन कैमिला ने भाग लिया।
- 2007 और 2009: किंग चार्ल्स और क्वीन कैमिला ने 2007 में नीसडन मंदिर में दिवाली समारोह में और 2009 में होली पर्व के अवसर पर दौरा किया।
- 2013: भारत यात्रा के दौरान किंग चार्ल्स और क्वीन कैमिला ने नई दिल्ली स्थित स्वामीनारायण अक्षरधाम का दौरा किया।
- 2016: परम पूज्य प्रमुख स्वामी महाराज के देहविलय के बाद किंग चार्ल्स ने शोक संदेश भेजा।
- 2020: नीसडन मंदिर की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर किंग चार्ल्स ने वीडियो संदेश भेजा।
- 2022: परम पूज्य प्रमुख स्वामी महाराज के शताब्दी जन्म समारोह के अवसर पर किंग चार्ल्स ने विशेष संदेश भेजा।
- 2023: बीएपीएस यूके के अध्यक्ष श्री जीतूभाई पटेल ने हिंदू धर्म के प्रतिनिधि के रूप में वेस्टमिंस्टर एब्बे में शाही दंपत्ति के राज्याभिषेक समारोह में भाग लिया।

The post King Charles III and Queen Camilla Visit BAPS Neasden Temple: बीएपीएस नीसडन मंदिर पहुंचे ब्रिटेन के किंग चार्ल्स और महारानी कैमिला, स्वयंसेवकों को निस्वार्थ सेवा के लिए दी बधाई appeared first on News Room Post.
You may also like

'बिग बॉस 19' से निकलते ही बसीर अली ने नेहल से बनाई दूरी, किया अनफॉलो, बोले- मेरे पीठ पीछे बात की, कैसी दोस्ती

'कांग्रेस चाह रही राजद का नुकसान, इसलिए प्रचार के लिए उतारे बिहार विरोधी नेता', छपरा में बोले पीएम मोदी

Permission Of RSS Route March In Kharge Bastion: कर्नाटक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के क्षेत्र में आरएसए के रूट मार्च को मंजूरी, बेटे प्रियांक खरगे संगठन के हैं विरोधी

कार्लसन ने जीता क्लच शतरंज चैंपियंस शोडाउन, जानिए किस स्थान पर रहे गुकेश?

चक्रवात 'मोंथा' को लेकर बड़ा अपडेट, बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश संभावना





